कभी-कभी उनके नाम को जीनियस शब्द के पर्याय के रूप में प्रयोग किया जाता है। अंतरिक्ष, समय एवं गुरुत्वाकर्षण पर उनके सिद्धांत ब्रह्मांड के बारे में हमारी राय को पूरी तरह बदलने हेतु उत्तरदायी हैं। उनके प्रसिद्ध समीकरण E=mc2. को उद्धत करने मात्र से कोई भी उन्हें तत्काल पहचान सकता है। जी हाँ, वही है वह सनकी पागल वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टाइन।
उल्म, जर्मनी में 14 मार्च, 1879 को जनमे अल्बर्ट आइंस्टाइन ने अपना अधिकांश बचपन म्यूनिख में गुजारा, जहाँ उनका परिवार लगभग 1880 में स्थानांतरित हो गया था। वह हर्मन एवं पावलिन कोच आइंस्टाइन की पहली संतान एवं एकमात्र पुत्र थे।अल्बर्ट की एक छोटी बहन माजा थी, जिसका जन्म नवंबर, 1881 में हुआ था। अल्बर्ट के पिता एक इंजीनियर एवं सैल्समैन थे। उन्होंने थॉमस एडिसन द्वारा स्थापित डायरेक्ट करंट (डी.सी.) विद्युत् वितरण प्रणाली पर आधारित विद्युत् उपकरणों के निर्माण से काफी दौलत बनाई थी। उन्नीसवीं शताब्दी के अंत में डी.सी. का स्थान ए.सी. (आल्टरनेटिंग करंट) ने ले लिया, जिसके कारण हर्मन का धंधा चौपट हो गया।